ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
पौड़ी जिले के धुमाकोट क्षेत्र में रविवार को हुई बस दुर्घटना में जख्मी हुए दो मासूमों समेत तीन लोगों को इलाज के लिए एयर एंबुलेंस से ऋषिकेश एम्स में भर्ती कराया गया है। चिकित्सकों के मुताबिक घायलों की हालत खतरे से बाहर है।
कोतवाली पुलिस के अनुसार रविवार को धुमाकोट हादसे में घायल तीन गंभीर लोगों को एयर एंबुलेंस के माध्यम से शाम करीब 4:30 बजे आईडीपीएल हेलीपैड पहुंचाया गया था। यहां से आपातकालीन 108 सेवा से सभी को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया। घायलों की पहचान हिमांशु (4) पुत्र भज्जू निवासी भानियावाला, डोईवाला, देहरादून, याशिका (7) पुत्री सोबन सिंह रावत निवाधसी प्लॉट नंबर 11, पोस्ट हल्दुआ, रामनगर, नैनीताल व सुनील (27) पुत्र सतीश चंद्र निवासी ग्राम करतिया, पौड़ी गढ़वाल के रूप में हुई है। वहीं आईडीपीएल चौकी प्रभारी दीपक तिवारी ने बताया कि एम्स में भर्ती सभी घायलों की हालत खतरे से बाहर है। एम्स के चिकित्सक लगातार घायलों पर नजर रखे हुए हैं। घायलों के परिजनों को भी सूचित कर दिया गया है।
घायलों का हाल जानने पहुंचे स्पीकर
विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल रविवार देर शाम धुमाकोट बस हादसे के घायलों का हालचाल जानने एम्स पहुंचे। इस दौरान स्पीकर ने चिकित्सकों से घायलों के स्वास्थ्य की जानकारी ली और आवश्यक उपचार करने के निर्देश दिए। इस दौरान हादसे में हताहत हुए लोगों के प्रति शोक संवेदना व्यक्त की और मृतक और घायलों के परिजनों के साथ हमेशा खड़े रहने की बात कही। इस मौके पर उपजिलाधिकारी हरि गिरि, एम्स के मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. मुकेश त्रिपाठी, जनसंपर्क अधिकारी हरीश थपलियाल आदि मौजूद रहे।