ब्यूरो/अमर उजाला/साहिया।
विकास खंड कालसी के अंतर्गत खतासा गांव में पानी का स्रोत सूखने के कारण ग्रामीण पानी के लिए तरस रहे हैं। ग्रामीणों ने कहा कि गांव की पुरानी लाइन कई दिनों से सूखी पड़ी है, जो जगह-जगह से क्षतिग्रस्त हो चुकी है। क्षेत्र में पानी का संकट बना हुआ है। ऐसे में ग्रामीणों को कई किलोमीटर दूर से पानी ढोना पढ़ रहा है। ग्रामीणों ने विभाग से क्षेत्र में नई पेयजल लाइन बिछाने की मांग उठाई है।
ग्रामीण भोपाल रावत, संतन सिंह चौहान, अजय चौहान, मान सिंह, चमन सिंह, मनोज रावत आदि का कहना है कि जल निगम को नई लाइन का प्रस्ताव दिया जा चुका है, नया स्रोत भी जल निगम के अधिकारियों को दिखा दिया गया था, लेकिन अभी तक नई लाइन की कार्यवाई शुरू नहीं की गई। पेयजल किल्लत के कारण ग्रामीणों में आक्रोश बना हुआ है। ग्रामीणों ने जल्द ही निगम से नई लाइन बनवाने की मांग की है। उधर, जल निगम के अधिशासी अभियंता एसके बरनवाल ने बताया कि इस तरह का मामला संज्ञान में नहीं है। यदि क्षेत्र में इस तरह की समस्या है तो शीघ्र जेई को मौके पर भेजकर समस्या को हल कराई जाएगी।