ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
श्रीदेव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय ने बीएड प्रवेश परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। विवि ने 24 जून को प्रवेश परीक्षा आयोजित कराई थी और महज छह दिन के भीतर इसका रिजल्ट जारी कर दिया गया। परीक्षा में कुल 2298 छात्र-छात्राएं पास हुए हैं।
श्रीदेव सुमन विवि के कुलपति डॉ. उदय सिंह रावत ने बताया कि यह प्रदेश का पहला ऐसा विवि है, जिसने छठे दिन बीएड प्रवेश परीक्षा का परिणाम जारी किया है। उहोंने बताया कि प्रवेश परीक्षा के लिए 4500 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। इनमें से 2850 छात्र-छात्राएं परीक्षा में बैठे और 2298 ने परीक्षा पास की। सामान्य वर्ग के 1207, एससी के 582, एसटी के 55 और ओबीसी के 454 अभ्यर्थी शामिल हैं। प्रवेश परीक्षा 12 केंद्रों पर आयोजित की गई थी। परीक्षा से आठ राजकीय और 26 निजी बीएड कॉलेजों में दाखिला दिया जाएगा।
विवि के कुलसचिव डॉ. दीपक भट्ट ने बताया कि इस साल सरकारी और प्राइवेट बीएड कॉलेजों में राज्य और प्रबंधन कोटे की बीएड सीटों पर श्रीदेव सुमन विवि की केंद्रीयकृत काउंसिलिंग से दाखिले किए जाएंगे। हमारा मकसद विवि की सभी परीक्षाएं समय से कराकर उनका परिणाम जारी करना है। बीएड प्रवेश परीक्षा के संयोजक डॉ. हेमंत बिष्ट ने बताया कि वेबसाइट से अंकतालिका डाउनलोड की जा सकती है। जल्द ही काउंसिलिंग की तिथियां जारी की जाएंगी।
--
यहां देखें परिणाम : www.bed.regapplication.in, www.sdsuv.ac.in