ब्यूरो/अमर उजाला/ऋषिकेश।
रायवाला। छिददरवाला में शनिवार को आयोजित स्वर्गीय दिनेश नेगी मेमोरियल फुटबाल टूर्नामेंट के उद्घाटन मुकाबले में अठूरवाला ने जूनियर छिद्दरवाला तृतीय और अजबपुर देहरादून ने ऋषिकेश का हराया। टूर्नामेंट का उद्घाटन मुख्य अतिथि जिला पंचायत सदस्य देवेंद्र नेगी ने किया।
राजकीय इंटर कॉलेज प्रागंण में शनिवार को पहला मुकाबला अठूरवाला और जूनियर छिद्दरवाला तृतीय की टीम के बीच खेला गया। जिसमें अठूरवाला की टीम के खिलाड़ी अतुल आर्य के दो गोल की बदौलत छिद्दरवाला की 2-0 से हार हुई। दूसरा मुकाबला अजबपुरकलां देहरादून और ऋषिकेश फुटबाल कलब के बीच हुआ। जिसमें अजबपुरकलां की टीम के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऋषिकेश की टीम को 6-0 से हराया। इसमें अजबपुरकलां टीम के अमन थापा ने तीन, शुभम थापा ने दो और मार्टिन ने एक गोल दागा। निर्णायक की भूमिका में अमित खत्री और विजय शाही ने निभाई। इस अवसर पर ग्राम प्रधान पूनम पोखरियाल, ध्यान सिंह असवाल, बीडीसी गोकुल रमोला, बुध बहादुर गुरुंग आदि मौजूद रहे।