श्रीनगर। नेशनल मिशन ऑन टीचर्स एंड टीचिंग योजना के तहत आयोजित कार्यशाला के अंतिम दिन वक्ताओं ने कहा कि समाज को दिशा देने में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। इस दौरान प्रशिक्षणार्थियों को प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
गढ़वाल विवि के फैकल्टी डेवलपमेंट सेंटर की ओर से आयोजित 30 दिवसीय कार्यशाला का शनिवार को समापन हुआ। इस मौके पर मुख्य अतिथि पूर्व आईएएस निशीथ कुमार ने कहा कि शिक्षकों के लिए आयोजित शैक्षणिक कार्यक्रम व्यक्तित्व विकास में महत्वपूर्ण होते हैं। कुलपति प्रो. अन्नपूर्णा नौटियाल ने कहा कि शिक्षकों के लिए आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रमों से शैक्षणिक उन्नयन के साथ ही शिक्षकों का नैतिक उन्नयन भी होता है। वहीं कार्यक्रम संयोजक प्रो. इंदु पांडे खंडूड़ी ने सभी प्रतिभागियों का धन्यवाद अदा किया। प्रशिक्षण कार्यशाला के एक माह के दौरान 100 व्याख्यान व 12 माड्यूल प्रस्तुत किए गए। साथ ही देश के प्रसिद्ध संस्थानों से आए विशेषज्ञों ने प्रशिक्षणार्थियों को विभिन्न विषयों की जानकारी दी। कार्यक्रम के आयोजन में डा. राहुल कुंवर, डा. कविता भट्ट आदि ने सहयोग किया।