देवाल। क्षेत्र पंचायत की बैठक में सदस्यों ने घेस आयुर्वेदिक अस्पताल पर ताला लटकने के मामले में हंगामा किया। ग्राम प्रधानों और क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने कहा कि अस्पताल में डेढ़ साल से कोई भी कर्मी नहीं है, जिससे लोगों को प्राथमिक उपचार भी नहीं मिल पा रहा है। मामले में प्रमुख ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को उचित कार्रवाई के निर्देश दिए तो सदस्य शांत हुए। इस दौरान सदस्यों ने बिजली और सड़क सहित अन्य समस्याएं भी उठाईं।
ब्लाक सभागार में प्रमुख उर्मिला बिष्ट की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में सदस्यों ने वाण, ताजपुर सहित आसपास के गांवों में पशुओं में होने वाले खुरपका रोग की समस्या उठाई। इस दौरान दो माह पूर्व करंट की चपेट में आने से मृत कुंवर राम के परिजनों को मुआवजा न मिलने की शिकायत की और जर्जर बिजली के पोल और तारों को बदलने की मांग उठाई। नलधूरा में टीकाकरण नहीं होने की बात भी सदस्यों ने रखी। इस दौरान पेंशन मामलों के निस्तारण और बिजली के बिल जमा करने के लिए समाज कल्याण और ऊर्जा निगम को शिविर लगाने का प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक में थराली-देवाल-वाण, नंदकेशरी-ग्वालदम, देवाल-सवाड़, सहित अन्य खस्ताहाल सड़कों के सुधारीकरण, शिक्षकों के रिक्त पदों पर नियुक्ति की मांग सदस्यों ने की। बैठक में डीडीओ संजीव कुमार, जिला पंचायत अधिकारी बीएस दुग्ताल, बीडीओ विक्रम लाल शाह, ज्येष्ठ उपप्रमुख हरेंद्र कोटेड़ी, मनोज कुमार, पुष्कर फर्स्वाण, हीरा पहाड़ी, डा. पंकज जैन, डा. लोकेश कुमार और बच्चीराम आदि मौजूद थे।