कर्णप्रयाग। सिमली और बगोली के पास बने साढ़े तीन किमी मोटर मार्ग पर डामरीकरण नहीं होने का मामला बढ़ता जा रहा है। मार्ग निर्माण जल्द न होने पर ग्रामीणों ने आंदोलन की चेतावनी दी तो निर्माण एजेंसी के अधिकारियों ने पत्रकार वार्ता कर जिला प्रशासन की ओर से डामरीकरण की अनुमति नहीं दिए जाने की बात कही।
बीआरओ के अधीन सिमली-नारायणबगड़ मोटर मार्ग पर सिमली से लेकर बगोली तक करीब 10 किमी डामरीकरण का काम न्यू एज कंस्ट्रक्शंस कंपनी के पास है, लेकिन छह माह से कंपनी यहां डामरीकरण का काम नहीं कर रही है। ऐसे में नौली, बगोली सहित आसपास के गांव और बाजारों में धूल सहित पिंडर के तीन ब्लाकों के लोगों को आवागमन में दिक्कतें हो रही हैं। जून माह में मामले में प्रधान संगठन के संरक्षक सुमन प्रसाद डिमरी और अन्य ग्रामीणों ने जल्द डामरीकरण न करने पर आंदोलन की चेतावनी दी तो शुक्रवार को निर्माण कर रही एजेंसी न्यू एज के प्रबंधक तेज बहादुर तोमर ने पत्रकार वार्ता कर अपनी बात कही। उन्होंने कहा कि सड़क पर डामरीकरण के लिए 10 करोड़ रुपये स्वीकृत हैं, जिसमें साढ़े छह किमी मार्ग पर डामर बिछा दिया गया है, लेकिन इस दौरान जिला प्रशासन की ओर से यहां लगा मिक्सिंग प्लांट बंद कर दिया गया। इससे डामरीकरण का काम बंद हो गया। प्रबंधक ने कहा कि मानकोनुसार सभी दस्तावेज होने के बावजूद जिला प्रशासन की ओर से काम जबरन बंद किया गया है। एक माह पूर्व मुुख्य सचिव की ओर से जिला प्रशासन को सात दिनों में कार्रवाई करने के लिए कहा गया बावजूद प्रशासन से एनओसी नहीं मिली। ऐसे में कंपनी प्रतिदिन दो लाख का घाटा उठा रही है। एनओसी मिलने के बाद ही काम शुरू किया जाएगा। हालांकि कंपनी प्रबंधक ने इसमें कुछ स्थानीय नेताओं का हाथ भी बताया। दूसरी ओर मामले में जिले के प्रभारी मंत्री प्रकाश पंत ने कहा कि सड़क जरूरत है, लेकिन मानकोनुुसार ही यहां काम होंगे। मामले में कौन और किस स्तर पर गलत है जांच कर कार्रवाई की जाएगी।