कीर्तिनगर। बस की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत मामले में अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कोतवाली पुलिस ने विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। मृतक के चचेरे भाई ने शिकायत दर्ज कराई थी।
बीते 25 जून को मलेथा तिराहे पर बाइक सवार बडोन गांव से बारात लेकर देहरादून जा रही बस से टकरा गया था, जिसमें बाइक सवार अजय महर पुत्र सते सिंह निवासी पोखरी पाली (डांगचौंरा) की देहरादून ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई थी। बृहस्पतिवार को मृतक के चचेरे भाई पंकज ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। प्रभारी कोतवाल पवन कुमार ने बताया कि मृतक के चचेरे भाई की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने सहित विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।