श्रीनगर। गढ़वाल विवि में विभिन्न अनियमितताओं और घोटालों की जांच करने पहुंची सीबीआई टीम दून लौट गई है। टीम वर्ष 2009 से लेेकर अब तक किए गए निर्माण कार्य, संबद्धता सहित बजट संबंधी दस्तावेज साथ लेकर गई है। बताया जा रहा है कि दस्तावेजों की गहन जांच करने के बाद जांच दल एक बार फिर विवि में पहुंच सकता है।
सीबीआई का तीन सदस्यीय दल विगत सोमवार को विवि के प्रशासनिक भवन पहुंचा था। तीन दिन तक यहां डटी सीबीआई टीम ने 2009 से लेकर अब तक के विभिन्न दस्तावेजों को खंगाला, जिसमें संबद्धता, पुस्तक खरीद मामला, विवि में हुए निर्माण कार्य आदि शामिल हैं। खास तौर पर चौरास परिसर में हुए निर्माण कार्य, चौरास परिसर में विवि के पास उपलब्ध भूमि और उस पर हुए निर्माण कार्य से संबंधित दस्तावेजों के साथ ही विवि के बजट का विवरण भी टीम साथ ले गई है। टीम ने इस संबंध में भी जानकारी जुटाई है कि विवि ने किस क्षेत्र में सर्वाधिक धनराशि खर्च की है। विवि के एक अधिकारी ने बताया कि सीबीआई ने जिन मामलों की जांच की है, वे सभी गंभीर हैं। प्राथमिक स्तर की जांच पूरी करने के बाद एक बार फिर टीम विवि पहुंच सकती है।