ब्यूरो/अमर उजाला, मसूरी
लाल बहादुर शास्त्री राष्ट्रीय प्रशासनिक अकादमी (एलबीएसएनएए) की समाज सेवा समिति की ओर से आयोजित शिविर में रविवार को 120 से अधिक सफाई कर्मचारियों ने अपने स्वास्थ्य की जांच कराई। चिकित्सकों ने सफाईकर्मियों का स्वास्थ्य जांचने के साथ ही उन्हें निशुल्क परामर्श और दवाइयां दीं। इस दौरान ट्रेनी आईएएस श्वेता अग्रवाल ने कहा कि सफाई कर्मचारियों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होना चाहिए। सफाई कर्मचारी स्वस्थ रहेंगे तो शहर स्वच्छ रहेगा।
एलबीएसएनएए में आयोजित स्वास्थ्य शिविर में अकादमी समेत नगर पालिका सफाई कर्मचारियों ने स्वास्थ्य की जांच कराई। इस दौरान आईएएस प्रशिक्षु एवं अकादमी के अधिकारियों ने सफाई कर्मचारियों को बीमारियों से बचने के लिए सफाई के दौरान सावधानी बरतने की सलाह दी। साथ ही बीमारी से बचाव के लिए हाथों में दस्ताने और मास्क आदि के उपयोग की जानकारी दी। शिविर के माध्यम से सफाई कर्मचारियों को लघु बचत, इंश्योरेंस आदि की भी जानकारी दी गई। अकादमी के असिस्टेंट डायरेक्टर नवनीत पांडेय ने कहा कि सफाई कर्मचारियों के स्वास्थ्य परीक्षण और उनमें स्वास्थ्य के प्रति जागरुकता लाने के उद्देश्य से शिविर आयोजित किया गया। वहीं, सफाई कर्मचारियों ने शिविर के लिए अकादमी प्रशासन का आभार जताया।