ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश ।
सीपीआई सदस्य कॉमरेड जगदीश कुलियाल ने नरेंद्रनगर ब्लॉक की पट्टी दोगी की ग्राम पंचायत बांसकाटल भैरगिड़ में स्वजल पेयजल योजना के तहत घटिया व आधा-अधूूरा निर्माण कार्य कराने व सरकारी धन के दुरुपयोग का आरोप लगाया है। प्रेस क्लब भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में सीपीआई सदस्य जगदीश कुलियाल ने बताया कि पट्टी दोगी के ग्राम पंचायत बांसकाटल भैरगिड़ में वर्ष 2009-10 में स्वजल पेयजल योजना के तहत निर्माण किया गया था, जिसमें विभागीय अधिकारियों ने अधूरा निर्माण कार्य कराकर सरकारी धन में धांधली की है। आरोप है कि विदेशी संस्थाओं से कर्जे के धन पर बनाई जा रही पेयजल योजनाएं भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रही हैं।
कुलियाल ने बताया कि इस योजना पर 80 लाख रुपये की बंदरबांट स्वैप समिति व जल निगम मुनिकीरेती डिवीजन के तत्कालीन कर्मियों द्वारा की गई है। 20 फरवरी 2018 से आज तक दोषियों के खिलाफ जल निगम द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई है। बताया कि 15 दिन में इस प्रकरण में कार्रवाई नहीं की गई तो प्रबंध निदेशक जल निगम कार्यालय, देहरादून में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इस अवसर पर जोत सिंह कैंतुरा, सते सिंह कैंतुरा आदि मौजूद थे।