श्रीनगर। गढ़वाल विश्वविद्यालय के नए सत्र 2018-19 की प्रवेशिका में राजनीतिक दल से संबंध रखने वाले व्यक्ति की फोटो प्रकाशित किए जाने पर छात्र नेताओं ने आपत्ति जताई है। छात्रों ने जहां इसे राजनीति बताया वहीं डीएसडब्ल्यू बोर्ड ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि प्रॉस्पेक्टस में फोटो प्रकाशन के लिए चयन समिति बनाई जाती है। चयन समिति की ओर से चयनित फोटो ही प्रकाशित की जाती हैं।
गढ़वाल विवि की प्रवेशार्थी निर्देशिका (प्रॉस्पेक्टस) पर विगत कुछ वर्षों से विवि में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की कुछ तस्वीरें प्रकाशित की जा रही हैं। एनएसयूआई छात्र संगठन सहित अन्य छात्र संगठनों का कहना है कि गढ़वाल विवि के नूतन वर्ष की प्रवेशिका में शौर्य डोभाल की फोटो प्रकाशित की गई है, जो कि उचित नहीं है। छात्रों ने कहा कि शौर्य डोभाल न तो विश्वविद्यालय में कार्यरत है और न ही उनके पास विवि का कोई दायित्व है, लिहाजा प्रवेशिका में उनकी फोटो प्रकाशित किया जाना विवि के नियमों के विरुद्ध व राजनीति से प्रेरित है। कहा कि वह राजनीतिक पार्टी से जुड़े हैं और चुनाव की तैयारी कर रहे है, लिहाजा उनकी फोटो शीघ्र प्रवेशिका से हटाई जाए। वहीं डीएसडब्ल्यू प्रो. सुरेखा डंगवाल ने कहा कि प्रोस्पेक्टस पर विवि में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की फोटो प्रकाशित की गई है। प्रोस्पेक्टस में कौन सी फोटो प्रकाशित होगी, इसका निर्णय फोटो चयन समिति लेती है। फोटो प्रकाशन किसी एक का व्यक्तिगत निर्णय नहीं है। इसे राजनीतिक रूप दिया जाना गलत है।