देवप्रयाग। ज्येष्ठ मास की दशमी पर तीर्थनगरी में गंगा दशहरा पर्व श्रद्धा के साथ मनाया गया। अलकनंदा भागीरथी संगम स्थल पर शुक्रवार को स्थानीय व तीर्थ यात्रियों ने गंगा स्नान कर पूजा अर्चना की। वहीं बड़ी संख्या में पहुंचे सिख यात्रियों ने गंगा में डुबकी भी लगाई।
इस वर्ष अधिक मास के कारण गंगा दशहरा पर्व दो बार मान्य किया गया। पिछले माह 24 मई को मलमास में आई ज्येष्ठ दशमी को भी गंगा दशहरा माना गया था, लेकिन धर्माचार्यों ने शुक्रवार को भी ज्येष्ठ मास की दशमी को गंगा दशहरा पर्व के तौर पर मान्य किया था। ऐसे में शुक्रवार को भी बड़ी संख्या के श्रद्धालु गंगा स्नान व पूजा अर्चना के लिए यहां पहुंचे। आस-पास के गांवों से ग्रामीण देवी देवताओं के निशाणों को लेकर गंगा स्नान के लिए पहुंचे। इस अवसर पर प्राचीन रघुनाथ मंदिर में भी पूजा अर्चना के लिए श्रद्धालु पूरे दिन पहुंचते रहे।