कर्णप्रयाग/नारायणबगड़/देवाल/आदिबदरी/गौचर/गैरसैंण। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस पर योग कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। जीआईसी के छात्रावास में यूथ फाउंडेशन ने भर्ती पूर्व प्रशिक्षण कर रहे युवाओं ने योग कार्यक्रम आयोजित किए। कर्णप्रयाग के लंगासू में वरिष्ठ भाजपा नेता टीका प्रसाद मैखुरी के नेतृत्व में लोगों ने योग किया। केवि ग्वालदम के बच्चों ने योग नृत्य प्रस्तुत किया।
चंडिका मंदिर सिमली में शिक्षक बीएन डिमरी, नारायणबगड़ के परखाल में महामृत्युंजय महादेव मंदिर परिसर में चंद्र सिंह के नेतृत्व में ग्रामीणों ने योग किया। ग्वालदम के एसएसबी मैदान में केंद्रीय विद्यालय और एसएसबी जवानों ने संयुक्त रूप से विभिन्न योगासन किए। एसएसबी के योग प्रशिक्षक रवि रंजन कुमार ने सभी को योगासन व प्रणायाम के गुर सिखाए। आदिबदरी के रामलीला मैदान में पतंजलि स्वाभिमान सभा की ओर से योग कार्यक्रम हुआ। जीएमवीएन के प्रबंधक पुनीत डिमरी ने योग शिविर का शुभारंभ किया, जिसमें जुलगढ़, भलसों, नगली, रवारी, हरगांव, थापली, कुमखोड़ी, बूंगा आदि गांवों के ग्रामीणों ने भाग लिया। गौचर के राजकीय पॉलीटेक्निक में संस्थान प्रबंधन की ओर से और गैरसैंण के जीआईसी मैदान में भी योग शिविर लगाया गया।