देवाल। ब्लाक के बोरागाड़ सरकारी अस्पताल में तैनात एक मात्र फार्मेसिस्ट का ट्रांसफर होने से लोगों में आक्रोश है। लोगों का कहना है कि 18 सालों से यहां डॉक्टर की तैनाती नहीं हो पाई थी। यहां प्राथमिक उपचार फार्मेसिस्ट के भरोसे था, लेकिन अब यहां से फार्मेसिस्ट का तबादला भी कर दिया गया। लोगों ने फार्मेसिस्ट का तबादला रोकने की मांग की।
ज्येष्ठ उपप्रमुख हरेंद्र कोटेड़ी, ग्राम प्रधान राजेंद्र सिंह मेहरा, खिलाप सिंह रावत, खड़क राम, नंदी देवी, काम सिंह, भुवन जोशी, तुलसी देवी, कमला देवी, कमल राम और पुष्पा जोशी ने कहा कि बोरागाड़ स्वास्थ्य केंद्र में मेलखेत, ओडर, लिंगड़ी, मोपाटा, चौड़, नलधूरा, खेता, मानमती सहित कई गांव के लोग उपचार के लिए पहुंचते हैं। यदि फार्मेसिस्ट का तबादला निरस्त नहीं किया तो ग्रामीण आंदोलन करेंगे। वहीं दूसरी ओर सीएमओ डा. तृप्ति बहुगुणा ने कहा कि सभी स्थानांतरण निदेशालय स्तर पर हुए हैं। लोग बोरागाड़ के फार्मेसिस्ट का तबादला रोकना चाह रहे हैं, जिसके लिए निदेशालय को पत्र भेजा गया है।