गोपेश्वर/आदिबदरी। 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के लिए पतंजलि योग समिति तैयारियों में जुटी हुई है। स्टेडियम में योग के लिए तीन हजार योग साधकों के बैठने की व्यवस्था की गई है। मंगलवार को सुबह साढ़े पांच बजे से योगाभ्यास किया गया।
पतंजलि योग समिति के जिला प्रभारी रघुवीर सिंह बर्तवाल ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के दिन स्टेडियम में पतंजलि योग समिति, जाखेश्वर शिक्षण संस्थान, चमोली जिला नेहरू युवा केंद्र, जिला क्रीड़ा विभाग के साथ ही अन्य सामाजिक, आध्यात्मिक, राजनीतिक और शैक्षिक संस्थाओं की ओर से एक साथ योगाभ्यास किया जाएगा। योगाभ्यास सुबह साढ़े पांच बजे से शुरू होगा।
मंगलवार को योगाभ्यास के दौरान पतंजलि चिकित्सा के चिकित्सक डा. शिखा की ओर से साधकों का स्वास्थ्य परीक्षण भी किया गया। इस मौके पर योग शिक्षक संगीता नेगी, बबीता नेगी, विक्रम बर्तवाल और रघुवीर बर्तवाल ने लोगों को योगाभ्यास कराया।
वहीं आदिबदरी में 21 जून को रामलीला मैदान में योग शिविर का आयोजन होगी। पतंजलि योग समिति की ओर से होने वाले योग शिविर को सफल बनाने के लिए समिति के सदस्यों और पदाधिकारियों ने आसपास के गांवों में जनसंपर्क कर योग शिविर की जानकारी दी। योग शिविर की संयोजक गीता देवी ने बताया कि भलसौं, थापली, ढमकर, खाल, बौंली, मैतोलनी, जैम, नगली, रीठामंगरी आदि गांवों के लोग शिविर में शामिल होंगे।
योगासनों का प्रशिक्षण देंगे
श्रीनगर। 21 जून को योग दिवस के अवसर पर गढ़वाल विवि की ओर से विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। कार्यक्रमों के आयोजन के लिए विवि प्रशासन ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। गढ़वाल विवि के योग विभाग की ओर से 21 जून को बिड़ला परिसर स्थित इंडोर में योग शिविर आयोजित किया जाएगा। विभाग के प्रभारी डा. जीएस ठाकुर ने बताया कि शिविर में विभिन्न योगासनों का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। वहीं विवि के टूरिज्म विभाग की ओर से भी नमामि गंगे के तहत अल्केश्वर घाट पर योग शिविर आयोजित किया जाएगा। डा. सर्वेश उनियाल ने बताया कि अलकनंदा किनारे सुबह 7 बजे से योग शिविर का आयोजन किया जाएगा।