गोपेश्वर। चमोली जिले में दूसरे दिन भी टैक्सियों के चक्के जाम रहे। शुक्रवार को गोपेश्वर और चमोली टैक्सी यूनियन के सदस्यों ने गोपेश्वर में प्रदर्शन कर विरोध जताया और टैक्सी संचालकों ने राज्य सरकार और परिवहन मंत्री के खिलाफ नारेबाजी की।
जिले में टैक्सियों की हड़ताल से जहां बदरीनाथ यात्रा मार्ग पर तीर्थयात्रियों को आवाजाही के लिए घंटों इंतजार करना पड़ रहा है वहीं ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को गंतव्य तक जाने के लिए मीलों पैदल दूरी नापनी पड़ रही है। ऐसे में अब बसों में ओवर लोडिंग होने लगी है। गोपेश्वर टैक्सी यूनियन के अध्यक्ष जगमोहन सिंह का कहना है कि यदि शीघ्र सरकार की ओर से मांगों पर कार्रवाई नहीं की जाती तो वे व्यापार मंडल सहित अन्य संगठनों से आंदोलन के लिए सहयोग की मांग कर आंदोलन तेज कर देंगे। इस मौके पर राजवीर बिष्ट, शिव सिंह, महेंद्र राणा, लखन कनवासी, राकेश डिमरी, हर्षवर्द्धन सिंह, सुरेंद्र सिंह, जगदीश सिंह, रणजीत सिंह, सुबोध नेगी, पंकज और कैलाश सिंह आदि मौजूद थे।
टैक्सी-मैक्सी महासंघ के आंदोलन को समर्थन
गोपेश्वर। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी की जिला इकाई ने राज्य में चल रहे टैक्सी-मैक्सी महासंघ के आंदोलन समर्थन दिया है। पार्टी के जिला मंत्री विनोद जोशी ने कहा कि सरकार की ओर से लगाए जा रहे स्पीड गवर्नर का बाजार भाव 2500 रुपये है, जबकि कंपनियों को ओर से उक्त डिवाइस को लगाने की एवज में 7500 रुपये वसूले जा रहे हैं। उन्होंने सरकार से मामले में शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई करने की मांग उठाई।