ब्यूरो/अमर उजाला,ऋषिकेश।
बृहस्पतिवार रात आई तेज बारिश से शिवपुरी क्षेत्र में हेंवल नदी का जलस्तर अचानक बढ़ गया। लिहाजा मुनिकीरेती थाना पुलिस ने एहतियात के तौर पर नदी के किनारे लगे करीब 150 बीच कैंपों को सुरक्षा के मद्देनजर खाली करा दिया है। अचानक नदी का जलस्तर बढ़ने से कैंप संचालकों व उनमें रुके पर्यटकों में हड़कंप मचा रहा है। उधर, कई दिनों से भीषण गर्मी व उमस की मार झेल रहे तीर्थनगरी व समीपवर्ती इलाकों के लोगों ने रात के समय करीब आधा घंटे हुई झमाझम बारिश के चलते तापमान में गिरावट आने से राहत महसूस की । बारिश के बाद क्षेत्र में मौसम खुशगवार हो गया।
बृहस्पतिवार रात करीब आठ बजे तेज बारिश के कारण शिवपुरी क्षेत्र में हेंवल नदी का जलस्तर बढ़ गया। जिसके चलते पुलिस एसडीआरएफ की टीम के साथ मौके पर पहुंच गई। बताया गया कि इस दौरान नदी का जलस्तर बढ़ने से पर्यटकों के दो वाहन भी नदी में फंस गए। समाचार लिखे जाने तक पुलिस व एसडीआरएफ की टीम कैंपों को खाली कराने व नदी में फंसे वाहनों को निकालने में जुटी हुई थी।