गोपेश्वर। बदरीनाथ हाईवे पर हनुमान चट्टी के पास बुधवार को देर शाम हुई वाहन दुर्घटना ने पुलिस के सुरक्षा यातायात के इंतजाम की पोल खोल दी है। पुलिस की ओर से यात्रा मार्गों पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है इसके बाद भी माल वाहन में 26 तीर्थयात्री बदरीनाथ पहुंच गए।
बुधवार को बदरीनाथ धाम से लौट रहा तीर्थयात्रियों का मालवाहक वाहन हनुमान चट्टी के पास अनियंत्रित होकर एक मकान के ऊपर गिर गया, जिसमें सात यात्री घायल हो गए थे। वाहन में 13 बच्चों समेत 26 लोग सवार थे। पुलिस के अनुसार, तीन लोग वाहन में आगे बैठे थे, लेकिन अन्य 23 यात्रियों को वाहन के पिछले हिस्से में तिरपाल से छिपाकर बदरीनाथ तक लाया गया। भाकपा नेता इंद्रेश मैखुरी का कहना है कि माल वाहक वाहन में छिपाकर तीर्थयात्रियों को ऋषिकेश से बदरीनाथ धाम तक ले जाना धाम की सुरक्षा में बड़ी चूक है। वहीं, पुलिस अधीक्षक तृप्ति भट्ट का कहना है कि मामले में वाहन चालक के लाइसेंस को निरस्तीकरण की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। मामले की जांच की जा रही है।