पीपलकोटी। यहां प्रतिभा सम्मान समारोह में पीपलकोटी क्षेत्र के अपने-अपने क्षेत्र में विशिष्ट कार्य करने वाले 39 लोगों को सम्मानित किया गया। समारोह में गायककार किशन महिपाल के गीतों पर लोग जमकर झूमे।
सेमलडाला खेल मैदान में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह का शुभारंभ भाजपा के राष्ट्रीय सचिव तीरथ सिंह रावत ने किया। समारोह में सीबीएसई की हाईस्कूल परीक्षा में 96.3 फीसदी अंक प्राप्त करने वाली छात्रा आराधना गड़िया, दिल्ली में आयोजित स्वतंत्रता दिवस की परेड में प्रतिभाग करने वाली एनसीसी कैडेट पूजा काला, बंड विकास संगठन के अध्यक्ष शंभू प्रसाद सती, कला के क्षेत्र में बहादुर सिंह भंडारी सहित 39 विशिष्ट व्यक्तियों को सम्मानित किया गया। इस दौरान आयोजित सांस्कृतिक कार्यक्रम में गायककार किशन महिपाल ने ‘किंगरी का छाला घुघुती, पंगरी का छाला घुघुती..’, ‘स्याली बंपाली, त्वे मिलण ओलु नीती-गमशाली..’, ‘फ्यूंलड़िया त्वे देखिक....’ जैसे गीतों की शानदार प्रस्तुति दी। गायिका हेमा नेगी करासी ने नंदा जागर की शानदार प्रस्तुति दी। इस मौके पर कार्यक्रम संयोजक राजेश बनवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष मोहन प्रसाद थपलियाल, जिला पंचायत सदस्य देवेंद्र सिंह नेगी, क्षेत्र पंचायत सदस्य हरिबोधनी खत्री, विधायक प्रतिनिधि गुड्डू लाल, विजय मलासी, सुनील कोठियाल, नवीन वैष्णव, राजेंद्र हटवाल आदि मौजूद थे।