गोपेश्वर। पूर्व सरकार की सुस्त कार्य प्रणाली से राज्य के विकास की गति धीमी हो गई थी। अब सरकार की ओर से राज्य के विकास के लिए केंद्र सरकार के साथ समन्वय स्थापित कर कार्य किए जा रहे हैं, जिससे राज्य के विकास को गति मिली है। भाजपा के राष्ट्रीय सचिव तीरथ सिंह रावत ने कहा कि अब शीघ्र जनता को सरकार की योजनाओं का लाभ मिलना शुरू हो जाएगा।
लोनिवि निरीक्षण भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में भाजपा के राष्ट्रीय सचिव तीरथ सिंह रावत ने कहा कि केंद्र सरकार की ओर से उत्तराखंड के लिए विशेष कार्ययोजना बनाकर कार्य किए जा रहे हैं। राज्य के विकास के लिए ऑल वेदर रोड और भारत माला योजना के तहत करीब 25 हजार करोड़ की स्वीकृति दी गई है। कहा कि पिछली सरकार की ओर से समय से विकास योजनाओं के प्रस्ताव नहीं बनने से योजनाओं के क्रियान्वयन में राज्य पिछड़ गया था, जिसके चलते वर्तमान सरकार के विकास कार्यों से जनता को लाभ नहीं मिल पा रहा है। अब प्रदेश और केंद्र सरकार के संयुक्त प्रयासों से शीघ्र जनता को योजनाओं का लाभ मिलने लगेगा। इस मौके पर जिलाध्यक्ष मोहन प्रसाद थपलियाल, गजेंद्र रावत, नवल भट्ट, दीपक भट्ट, सतेंद्र असवाल, नीलम नेगी और धूम सिंह नेगी आदि मौजूद थे।
फोटो
‘सबका साथ सबका विकास भाजपा का मूल मंत्र’
गोपेश्वर। जिला पंचायत सभागार में भाजपा जिला कार्यकारिणी की ओर से लाभार्थी सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन का शुभारंभ पार्टी के राष्ट्रीय सचिव तीरथ सिंह रावत ने किया। इस दौरान पार्टी की ओर से केंद्र व राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को सम्मानित किया गया।
लाभार्थी सम्मेलन में भाजपा के राष्ट्रीय सचिव तीरथ सिंह रावत ने कहा कि सबका साथ सबका विकास भाजपा का मूलमंत्र है। इसके आधार पर राज्य में तेजी से विकास कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार वर्ष 2022 तक सभी आवास विहीन परिवारों को आवास उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। इस दौरान बदरीनाथ विधायक महेंद्र भट्ट ने केंद्र और राज्य सरकार की जन उपयोगी योजनाओं की जानकारी दी। इस मौके पर थराली विधायक मुन्नी देवी शाह, भाजपा जिला अध्यक्ष मोहन प्रसाद थपलियाल, अनसूया प्रसाद भट्ट, प्रेमबल्लभ भट्ट, हरक सिंह नेगी, संदीप रावत, रोहिणी रावत, गजेंद्र रावत, धनसिंह नेगी, ऊषा रावत, भागीरथी कुंजवाल और हर्षवर्द्धन मैठाणी आदि मौजूद थे।