कर्णप्रयाग/थराली/देवाल। बृहस्पतिवार रात को हुई तेज बारिश से देवाल-खेता मोटर मार्ग मलबा आने से बोरागाड़ के पास बंद हो गया। मलबा आने से यहां शुक्रवार को भी वाहनों का आवागमन ठप रहा।
बृहस्पतिवार रात्रि को तेज बारिश से कर्णप्रयाग ब्लाक के सोनला-सिलंगी मोटर मार्ग पर सैंज गदेरे में भारी मात्रा में मलबा आ गया था। सुबह आठ बजे करीब डेयरी का काम करने वाले यशवीर सिंह, विक्रम सिंह, जयकृत सिंह सहित अन्य लोगों ने यहां मलबा साफ कर यातायात सुचारु किया। वहीं जिलासू-गिरसा मोटर मार्ग पर कई जगह मलबा आने और पुश्तों के टूटने से आवागमन खतरनाक बना है। थराली-देवाल मोटर मार्ग पर निर्माणाधीन जूनीधार मोटर मार्ग का मलबा आने से मार्ग खतरनाक बना है। वहीं देवाल-खेता मोटर मार्ग बारिश के चलते बोरागाड़ के पास क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे यहां शुक्रवार को बोरागाड़ से आगे आवागमन नहीं हो पाया। पीएमजीएसवाई के ईई प्रमोद गंगाड़ी ने कहा कि देवाल-खेता मार्ग खुलवाने के लिए जल्द जेसीबी भेज दी जाएगी।