ब्यूरो/अमर उजाला,ऋषिकेश ।
उत्तराखंड की चारधाम और क्षेत्र में ग्रीष्मकालीन यात्रा के चलते इन दिनों तीर्थनगरी में देश-दुनिया के सैलानियों की आमद अत्यधिक बढ़ गई है, जिसके चलते दोपहर से देर शाम तक अक्सर शिवानंद राम झूूला व लक्ष्मणझूला पुलों पर जाम लगने लगा है। इन दिनों उत्तराखंड की चारधाम यात्रा पीक पर है। ग्रीष्मकालीन यात्रा के लिए भी काफी संख्या में विभिन्न प्रांतों से सैलानी तीर्थनगरी पहुंच रहे हैं। कई लोग गर्मी की छुट्टियां बिताने तो कई लोग गंगा स्नान, तीर्थाटन, कथा-सत्संग के श्रवण व गंगा में व्हाईट वाटर राफ्टिंग का लुत्फ उठाने के लिए तीर्थनगरी की ओर रुख कर रहे हैं।
ऐसे में दोपहर और खासकर शाम के समय मुनिकीरेती में शिवानंद राम झूला और लक्ष्मण झूला पुल पर तीर्थयात्रियों की अत्यधिक दबाव बढ़ने से जाम की स्थिति पैदा हो रही है। सोमवार को दोपहर के समय लक्ष्मणझूला पुल पर यात्रियों का अत्यधिक दबाव बना रहा। कमोवेश यही स्थिति मुनिकीरेती में शिवानंद राम झूला पुल पर भी रही। यहां झूला पुल शाम को गंगा आरती के समय अक्सर इन दिनों खचाखच हो रहा है, जिससे लोगों को दिककतों का सामना करना पड़ रहा है। आसन्न कांवड़ यात्रा में यह स्थिति और विकट हो जाएगी।