ब्यूरो/अमर उजाला, देहरादून
अभियंताओं की कमी से जूझ रहे पावर ट्रांसमिशन कारपोरेशन ऑफ उत्तराखंड लिमिटेड (पिटकुल) में 50 नए सहायक अभियंताओं की तैनाती कर दी गई है। आदेश जारी होते ही इन अभियंताओं को विभिन्न परियोजनाओं में भेज दिया गया है। इससे पिटकुल की परियोजनाओं में तेजी आने की उम्मीद है। पिटकुल के प्रबंध निदेशक कैप्टन आलोक तिवारी ने बताया कि फिलहाल 50 सहायक अभियंताओं की भर्ती कर उन्हें विभिन्न परियोजनाओं में तैनाती दी गई है। परियोजनाओं में तेजी लाने के लिए भविष्य में और अभियंताओं की भर्ती की जाएगी। बता दें कि हाल ही में परियोजनाओं की देरी पर पिटकुल की बोर्ड बैठक में ऊर्जा सचिव राधिका झा ने अफसरों को फटकार लगाई थी। इसके बाद मुख्यालय में वर्षों से जमे कई अधीक्षण अभियंताओं, सहायक अभियंताओं और अवर अभियंताओं को परियोजनाओं में भेजा गया था। इसी कड़ी में अब 50 सहायक अभियंताओं की भर्ती की गई है।