ब्यूरो/अमर उजाला
नागथात। दो दर्जन गांवों की आबादी को आपस में जोड़ने वाले नागथात-लाच्छा मोटर मार्ग में गड्ढे हो गए हैं। इस सड़क पर चलने वालों की फजीहत हो रही है। हालत ये है कि वाहन के एक्सल, कमानी टूटने से लेकर टायर भी फट रहे हैं। इसके अलावा गड्ढों से होकर गुजर रहे वाहनों में सवार लोगों को पीठ दर्द भी झेलना पड़ रहा है।
15 किलोमीटर लंबी इस सड़क से करीब दो दर्जन गांव की आबादी जुड़ी है। मरम्मत के अभाव में सड़क की हालत बुरी होती जा रही है। सड़क पर एक फीट तक गहरे गड्ढे हैं। जिनसे वाहनों के एक्सल, कमानी टूटने और टायर फट रहे हैं। वाहन मालिकों को एक ही बार में 50 हजार रुपये तक का नुकसान हो रहा है। लोग कई बार मार्ग की मरम्मत की मांग कर चुके हैं मगर अफसर उनकी मांग को अनसुना कर देते हैं। सुरेंद्र तोमर, जयपाल तोमर, परिण सिंह चौहान, नरेंद्र तोमर, मुकेश तोमर का कहना है कि बरसात में सड़क पर सफर और मुश्किल हो जाएगा।
उधर इस संबंध में लोनिवि साहिया के अधिशासी अभियंता डीपी सिंह का कहना है कि मामले में जेई से रिपोर्ट मांगी जाएगी।