ब्यूरो/अमर उजाला
विकासनगर। सेल्फी के शौक ने एक किशोरी की जान ले ली। चलती स्कूटी में दोस्तों संग सेल्फी लेते समय एक किशोरी की स्कूटी सड़क किनारे खडे़ ट्रक से जा टकराई। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। आसपास के लोगों ने उसे निजी वाहन से अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान उसने दाम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार सुरेंद्र सिंह उर्फ नीटू डाकपत्थर रोड स्थित दुर्गा मंदिर के पास रहते हैं। सोमवार की शाम करीब साढे़ चार बजे उनकी 14 वर्षीय बेटी कीर्तिका तोमर ने घर से स्कूटी निकाली और दोस्तों संग घूमने निकल गई। कीर्तिका सेंट मेरी कॉन्वेंट स्कूल में आठवीं की छात्रा थी। शाम करीब छह बजे कैनाल रोड स्थित घराट के पास वह चलती स्कूटी में दोस्तों संग सेल्फी लेने लगी। इस दौरान उसका ध्यान भटक गया और स्कूटी अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जा टकराई। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। उसके दोस्तों को भी हल्की चोटें आईं हैं।
हादसे के तुरंत बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई। उन्होंने हादसे की जानकारी पुलिस को दी। कुछ ही देर में मौके पर पहुंची पुलिस ने किशोरी को निजी वाहन से लेहमन अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसने दम तोड़ दिया। जानकारी मिलते ही परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। चौकी प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि मंगलवार को शव का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।