ब्यूरो/अमर उजाला
सेलाकुई। शीशमबाड़ा स्थित सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट से उठ रही दुर्गंध के विरोध में 25 दिन से चल रहा आंदोलन सोमवार को एडीएम अरविंद कुमार पांडेय के आश्वासन के बाद खत्म हो गया। एडीएम ने लोगों को दुर्गंध से शीघ्र निजात दिलाने का आश्वासन दिया है।
सोमवार को एडीएम ने विधायक सहदेव पुंडीर, नगर आयुक्त विजय कुमार जोगदंडे, एसडीएम विकासनगर जितेंद्र कुमार की मौजूदगी में ग्रामीणों से वार्ता की। ग्रामीणों ने कहा कि प्लांट से उठती दुर्गंध के कारण लोगों का घरों के अंदर भी रहना मुश्किल हो गया है।
पछवादून जन कल्याण समिति के अध्यक्ष परमाल चौधरी ने कहा कि प्लांट में कचरा डालने से पूर्व कुछ मानक निर्धारित किए गए थे, लेकिन इन मानकों के अनुरूप कोई काम नहीं हो रहा है। जिस कारण निगम प्रबंधन दुर्गंध पर रोक लगाने में नाकाम साबित हो रहा है। यदि समय रहते दुर्गंध पर रोक लगाने के प्रयास नहीं किए गए तो बीमारियां फैल सकती हैं। जिसमें एडीएम ने एसडीएम विकासनगर और नगर आयुक्त की अध्यक्षता में समिति का गठन कर मानकों का पालन कराने की बात कही। लोगों ने कहा कि यदि जल्द ही दुर्गंध नहीं रोकी गई वे दोबारा आंदोलन करेंगे। वार्ता करने वालों में सुंदर थापा, राशिद पहलवान, विजयपाल सिंह, राहुल पुंडीर, नीरज कुमार, पारस थापा, रविंद्र भट्ट आदि मौजूद रहे।