ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश।
बदरीनाथ नेशनल हाईवे पर करीब सप्ताह भर पूर्व तपोवन तिराहे पर एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया था, लेकिन क्षतिग्रस्त ट्रक को हाईवे से हटाने को मुनिकीरेती पुलिस तैयार नजर नहीं आ रही है, जिससे राजमार्ग पर खड़े क्षतिग्रस्त ट्रक से जाम तो लग ही रहा है, इसके साथ ही भीड़भाड़ वाले इस क्षेत्र में दुर्घटनाओं का अंदेशा भी बना हुआ है। मुनिकीरेती स्थित तपोवन तिराहे पर ऋषिकेश से श्रीनगर की ओर जा रहा एक ट्रक बीते माह 26 मई की रात को अनियंत्रित होकर पलट गया था। दुर्घटना में ट्रक चालक जख्मी हो गया था। पुलिस ने फौरी तौर पर ट्रक को राष्ट्रीय राजमार्ग के बीच से हटाकर किनारे पहाड़ी से सटाकर खड़ा कर यातायात सुचारु किया, मगर एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी क्षतिग्रस्त ट्रक हाईवे के किनारे ही खड़ा है।
ट्रक हाईवे किनारे खड़ा होने के कारण तपोवन तिराहे के पास डबल लेन का हाईवे सिंगल लेन हो गया है। जिसके चलते रोजाना राजमार्ग पर क्षतिग्रस्त ट्रक की वजह से जाम लग रहा है। वीकेंड पर भी यातायात व्यवस्था और ज्यादा चरमरा रही है। बावजूद इसके व्यवस्थाओं को चाक-चौबंद रखने का दावा करने वाली पुलिस इस ओर गंभीर नहीं दिख रही है। थानाध्यक्ष रामकिशोर सकलानी ने बताया कि पुलिस के पास क्रेन की व्यवस्था नहीं है, जिसके चलते लोगों का यह समस्या पेश आ रही है। बताया कि जल्द ही क्रेन का इंतजाम कर सड़क से क्षतिग्रस्त ट्रक को हटाया जाएगा।