थराली। विधानसभा उपचुनावों में भाजपा की जीत पर थराली सहित ग्वालदम, तलवाड़ी, लोल्टी, सोल डुंग्री, कुराड़ में कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को जश्न मनाया और मिठाइयां बांटीं। वहीं बैनोली गांव में बृहस्पतिवार रात को युवा कार्यकर्ताओं ने रातभर आतिशबाजी की। भाजपा की जीत के साथ लोगों की उम्मीदें भी बढ़ गई हैं।
शुक्रवार को थराली के कई गांवों में बीजेपी की यूथ बिग्रेड ने विजयी रैली निकाली। ग्वालदम के हरीश जोशी, चिड़िगा मल्ला के मनोज जोशी, डुंग्री के नवीन मिश्रा, रूईसाण के मोहन सिंह गांववासी, थराली के मोहन बहुगुणा आदि ने कहा कि बीजेपी के विधायक बनने से अब थराली विधान सभा का चहुंमुखी विकास होगा। ग्वालदम के सब्जी तोक की महेशी देवी ने कहा कि चुनाव से पहले मुन्नी देवी ने तोक में सड़क पहुंचाने का वादा किया था उम्मीद है कि वे अपना वादा जरूर पूरा करेंगी। चिड़िगा के नवीन चंद्र का कहना है कि बीजेपी के विधायक महेंद्र भट्ट और मुख्यमंत्री के ओएसडी उर्बादत्त भट्ट ने आश्वासन दिलाया था कि चुनाव जीतने के बाद ग्वालदम चिड़गा मल्ला मोटर मार्ग का डामरीकरण किया जाएगा। रूईसाण के प्रधान सुदर्शन सिंह को भरोसा है कि बीजेपी के विधायक बनने से थराली डुंग्री मोटर मार्ग का घाट तक जल्दी निर्माण होगा साथ ही यहां पर विद्युुतीकरण भी होगा। जौला के दिनेश चंद्र ने कहा कि थराली से जौला को जोड़ने के लिए पुल का निर्माण की जनता ने आस लगाई है। युवा मोर्चा के जिला महामंत्री देवेंद्र सिंह नेगी, ब्लाक प्रमुख राकेश जोशी सहित अन्य कार्यकर्ताओं ने भाजपा की जीत होने पर विजयी जुलूस निकाला।