ब्यूरो/अमर उजाला/विकासनगर।
अघोषित बिजली कटौती और लो वोल्टेज की समस्या को लेकर भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ने यूपीसीएल के सहायक अभियंता गुरदीप सिंह को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि जल्दी ही क्षेत्र में बिजली व्यवस्था सुचारु नहीं हुई तो आंदोलन के लिए लोगों को मजबूर होना पड़ेगा।
भाकियू के अध्यक्ष विमल तोमर ने कहा कि क्षेत्र में कई दिनों से लो वोल्टेज की समस्या चल रही है। अघोषित बिजली कटौती से भी लोग परेशान है। एक दिन में कई बार बिजली गुल हो जाती है। जिसके चलते लोगों को रोजमर्रा के काम निपटाने में काफी परेशानी झेलनी पड़ती है। लो वोल्टेज के कारण बिजली के उपकरण शोपीस बने हुए हैं। गर्मी में लोगों के लिए घरों में दिन काटना तक मुश्किल हो रहा है। फ्रिज, कूलर, पंखे ठीक ढंग से काम नहीं करते हैं। कहा व्यवस्था के शीघ्र ठीक न होने पर लोगों को आंदोलन के लिए बाध्य होना पड़ेगा। उधर, एसडीओ ने बताया कि शीघ्र समस्या का समाधान किया जाएगा। ज्ञापन सौंपने वालों में जिलाध्यक्ष संदीप दुबे, पंजाब सिंह मजीठिया, सचिन, संजू, सुनील, धर्मेंद्र, हिमांशु, शिवांग आदि मौजूद रहे।