ब्यूरो/अमर उजाला/देहरादून।
डेंगू के प्रति स्वास्थ्य महकमा खासा सतर्क है। इसी क्रम में स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. अर्चना श्रीवास्तव ने बृहस्पतिवार को वीडियो कॉफ्रेंसिंग के जरिए डेंगू से निपटने की तैयारियों की जानकारी ली और संवेदनशील जिलों के मुख्य चिकित्साधिकारियों को अतिरिक्त सुरक्षा बरतने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य महानिदेशक डॉ. अर्चना श्रीवास्तव ने देहरादून नैनीताल, पौड़ी गढ़वाल, टिहरी गढ़वाल और उधमसिंह नगर जैसे संवेदनशील जिलों के मुख्य चिकित्सा अधिकारियों से डेंगू बीमारी से निपटने के लिए अभी से एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए हैं। अस्पतालों में पर्याप्त संख्या में आइसोलेशन वार्ड बनाने के साथ ही दवाइयों की पर्याप्त इंतजाम किए जाएं। राज्य कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पंकज कुमार सिंह ने पिछले साल डेंगू बीमारी से हुई मौतों की जानकारी और बचाव को लेकर उठाए गए कदमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बारिश में बीमारी का खतरा बढ़ जाता है। ऐसे में नगर निगम के अधिकारियों के सहयोग से पूरे शहर में दवाओें का छिड़काव कराया जाय। डॉ. पंकज कुमार सिंह ने डेंगू के प्रति जागरूकता कार्यक्रम चलाने पर जोर दिया। वीडियो कंाफ्रेंसिंग के दौरान डॉ. अमित उप्रेती, डॉ. अंजली नौटियाल, डॉ. अर्जुन सिंह, डॉ. एसपीएस नेगी समेत कई अधिकारी उपस्थित थे।