ब्यूरो/अमर उजाला
ऋषिकेश।
यूनाटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियन के बैनर तले उत्तरांचल बैंक इंपलाइज यूनियन ने मांगों को लेकर बुधवार को दो दिवसीय हड़ताल शुरू कर दी है। विभिन्न बैंकों के कर्मचारियों ने कार्य बहिष्कार कर एसबीआई मेन ब्रांच के समक्ष प्रदर्शन किया। इससे करीब 150 करोड़ से अधिक का बैंकिंग लेन-देन प्रभावित होना बताया गया है।
बुधवार को यूनियन के जिला सचिव मयंक शर्मा के नेतृत्व में बैंक कर्मचारियों ने रेलवे रोड स्थित भारतीय स्टेट बैंक की मुख्य शाखा के समक्ष एकत्रित होकर प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि वर्तमान में बैंककर्मियों को केंद्र और राज्य सरकार के कर्मचारियों से भी कम वेतन मिल रहा है। कर्मचारी बैंकिंग कार्यों के साथ ही केंद्र व राज्य सरकारों की योजनाओं में अहम भूमिका निभाते हैं। जिनमें प्रधानमंत्री जन धन योजना, प्रधानमंत्री बीमा योजना, पीएम फसल बीमा योजना, अटल पेंशन योजना आदि शामिल हैं। ऐसे में बैंककर्मियों के साथ महज दो प्रतिशत की वेतन बढ़ोत्तरी का प्रस्ताव नाकाफी है।
उन्होंने चेताया कि सरकार व प्रबंधन समिति कर्मचारियों की मांगों की अनदेखी करती है, तो कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले जाएंगे। प्रदर्शनकारियों में संजय शर्मा, डीएस रावत, सुरेश भट्ट, राजकुमार, जगदीशन ज्योला आदि मौजूद थे।
यूनियन की ओर से जारी विज्ञप्ति में हड़ताल के प्रथम दिन बुधवार को नगर और आसपास के क्षेत्र में करीब 150 करोड़ से अधिक का बैंकिंग लेन-देन प्रभावित होना बताया गया है।