गैरसैंण। नगर में पिछले दो माह से गहराई पेयजल समस्या से निपटने के लिए ब्लाक सभागार में बैठक का आयोजन किया गया। इस दौरान लोगों ने कहा कि जब तक नगर में नई पेयजल योजनाओं का निर्माण नहीं होगा तब तक समस्याएं हल नहीं हो सकती। वहीं विधायक ने लोगों की पानी की समस्या को फिलहाल कम करने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था के किए जाने के विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए।
नगर के मुख्य बाजार, सैनिक कॉलोनी, सलियाणा, कोलियाणा सहित कई क्षेत्रों में पिछले दो माह से पेयजल किल्लत बनी है। यहां जलसंस्थान के टैंकर पानी बांट रहे हैं, लेकिन सड़क से दूर आवासीय बस्तियों को पानी नहीं मिल रहा है। बुधवार को इस संबंध में आयोजित बैठक में रामचंद्र गौड़ और बीपी काला सहित अन्य लोगों ने कहा कि नगर में लगातार आबादी बढ़ी है, लेकिन पेयजल लाइनें पुरानी ही हैं। कतिपय स्रोतों पर पानी है, लेकिन विभाग ठीक तरीके से वितरण नहीं कर पा रहा है। ऐसे में लोगों से सिलकोट, गडोली, ग्वाड़ गदेरे सहित अन्य आस पास के स्रोतों से लाइनों का निर्माण करने की मांग की गई। बैठक में विधायक एसएस नेगी ने उद्यान विभाग को नजदीकी बस्ती के स्टैंड पोस्ट पर पानी छोड़ने और लोनिवि की लाइन से पानी की आपूर्ति करने के लिए निर्देशित किया। साथ ही टैंकर को सुबह पांच से शाम पांच बजे तक लगातार पानी वितरित करने के लिए कहा गया। बैठक में एसडीएम स्मृता परमार, जल संस्थान के ईई मुकेश कुमार, पृथ्वी सिंह , दिनेश गौड़, पुष्कर सिंह रावत, कृष्णा नेगी, जानकी रावत, हीरा प्रसाद गैड़ी, गोपी काला, मोहन प्रसाद, मोहन काला,गंगा सिंह पंवार आदि तमाम लोग मौजूद थे।