जंगल की आगे अब विकराल होती जा रही है। मंगलवार को कार्बेट नेशनल पार्क के एरिया में जंगल की आग पहुंच गई, जिससे वन संपदा राख हो गई। वहीं टिहरी जिले के भिलंगना के घनसाली के ऊपर जंगलों में लगी आग तिलवाड़ा मार्ग तक पहुंचीं जिससे पेड़ गिरे और अफरा-तफरी मच गई। उत्तरकाशी में भी जंगल की आग उत्तरकाशी-लंबगांव मार्ग तक पहुंची और यहां कुछ देर यातायात बाधित रहा। चमोली जिले के पीपलकोटी में जंगलों में आग के कारण जंगली जानवर आबादी क्षेत्र की ओर रुख करने लगे हैं, जिससे लोगों को खतरा बना हुआ है। वन विभाग आग बुझाने में जुटा है लेकिन बढ़ती गर्मी, पिरुल और चीड़ के पेड़ होने के कारण आग भड़कती जा रही है।
दुकानें बंद कराईं, ट्रैफिक रोका
घनसाली (टिहरी)। भिलंगना के मुख्य बाजार घनसाली के ऊपर जंगलों में आग लगने से बैरियर चौक और तिलवाड़ा मार्ग पर पत्थर और पेड़ गिरने से अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। खतरे को देखते हुए पुलिस और वन कर्मियों को दुकानें बंद कर कुछ देर तक ट्रैफिक रोकना पड़ा।
भिलंगना ब्लॉक के जंगलों में एक सप्ताह से भीषण आग लगी है। वन विभाग आग पर काबू पाने में नाकाम साबित हो रहा है। जंगल में भड़की आग मंगलवार को घनसाली बाजार के ऊपर पहुंच गई, जिससे बैरियर चौक के पास भारी मात्रा में पत्थर बरसने लगे। तिलवाड़ा मोटर मार्ग पर ग्रामीण बैंक की छत के ऊपर एक भारी भरकम चीड़ का पेड़ टूटकर गिर गया, जिसमें लोग बाल-बाल बचे। पेड़ गिरने से मकान को क्षति पहुंची है। बाजार के ऊपर आग भड़कने से पत्थर गिरने से बाजार में लोग इधर-उधर भागते रहे। वन कर्मी बढ़ती गरमी के कारण आग पर काबू पाने में विफल रहे। इस बाबत रेंज अधिकारी एसएस नेगी ने कहा कि विभाग की पूरी टीम जंगल की आग बुझाने का प्रयास कर रही है, लेकिन गर्मी अधिक होने के कारण आग पर काबू पाना मुश्किल हो रहा है। विभाग के पास पर्याप्त संसाधन और स्टाफ भी नहीं है।
----------------------------------------------
कार्बेट नेशनल पार्क में फैली आग
एक सप्ताह से जल रहे जंगल, वन विभाग नहीं बुझा पाया आग
कोटद्वार। कालागढ़ वन क्षेत्र की मैदावन रेंज में कार्बेट नेशनल पार्क के जंगल एक सप्ताह से जल रहे हैं, लेकिन वन विभाग अभी तक आग नहीं बुझा पाया। आग से अभी तक कई हेक्टेयर जंगल जल चुका है।
मंगलवार को कार्बेट नेशनल पार्क के कपाट संख्या 26 में मंगलवार को आग लग गई। आग कांडानाला, तैडिया, पांड होते हुए पालपुर, खगसगड़ी और बुगसगड़ी रौलों तक फैल गई। इसके अलावा गढ़वाल वन प्रभाग की दीवा रेंज भी आग की चपेट में आ गई है। कार्बेट पार्क में आग लगने की सूचना पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची लेकिन आग बुझाई नहीं जा सकी। वहीं बारिश से थोड़ी राहत तो पहुंची लेकिन आग नहीं बुझ पाई।
तैडिया गांव निवासी सरोजनी ध्यानी, लोकानंद सिंह, राम सिंह व वीर सिंह ने बताया कि कार्बेट पार्क के बाद गढ़वाल वन प्रभाग की दीवा रेंज भी आग की चपेट में आग गई। पिछले दिनों से लगातार रौंदड़ी, सकनेड़ी, भद्वाड़ और मंदाल पार क्षेत्र में आग फैली हुई है। उन्होंने वन विभाग से शीघ्र आग पर काबू पाने की मांग की है। वहीं इस संबंध में वन विभाग के अधिकारियों से वार्ता करने की कोशिश की गई लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।
-----------------------------------------------------------------------------------------------
कुटेटी देवी कालोनी तक पहुंची आग
उत्तरकाशी। दो हफ्ते से जिले के जंगलों में आग लगी हुई है। सर्दियों में अपेक्षित बारिश और बर्फबारी नहीं होने से जमीन से नमी गायब है और चीड़ की सूखी पत्तियां पीरुल आग में घी का काम कर रही है। मंगलवार को मांडों एवं उजेली के पास के जंगलों में लगी आग बड़ी मुश्किल से बुझी। मुखेम रेंज के जंगल में लगी आग जल विद्युत निगम की कुटेटी देवी कालोनी तक पहुंचने से यहां अफरा-तफरी मच गई। वन कर्मी एवं दमकल के जवानों ने भारी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। यहां उत्तरकाशी-लंबगांव मार्ग पर भी जंगलों की आग के घेरे में आने से थोड़ी देर के लिए यहां यातायात प्रभावित हुआ।
उधर, अपर यमुना वन प्रभाग में भी नंदगांव एवं पटांगड़ी के जंगल सुलग रहे हैं। सोमवार रात को कृष्णा गांव के पास भाटिया बैंड पर आग से एक पेड़ यमुनोत्री हाईवे पर जा गिरा, जिससे यहां डेढ़ घंटे तक यातायात ठप रहने से तीर्थयात्रियों को दिक्कतों का सामना करना पड़ा। वन प्रभाग के डीएफओ संदीप कुमार ने बताया कि इस फायर सीजन में अभी तक जिले में कुल 158.2 हेक्टेयर जंगल आग से प्रभावित हुए हैं। वर्तमान में आग केवल निचली सतह पर ही फैल रही है। इससे पेड़ों और वन्य जीवों को ज्यादा नुकसान नहीं पहुंचा है।
काबू में नहीं आ रही जंगल की आग
पीपलकोटी। जंगलों की आग से अब वन्य जीव भी आबादी क्षेत्रों का रुख करने लगे हैं। ऐसे में ग्रामीणों के सामने आग बुझाने और जानवरों के हमले का संकट हो गया है। पीपलकोटी की रामचाड़ा पहाड़ी पर स्थित जंगल में सोमवार रात से आग लगी है। आग से आधा हेक्टेयर वन क्षेत्र जल गया है। सूचना पर वन विभाग की टीम पहुंची, लेकिन सूखी घास के कारण आग की लपटें बढ़ती गईं। इस कारण आग पर काबू पाने में कर्मचारियों को सफलता नहीं मिल पाई। वहीं नंदप्रयाग रेंज के सैंज-सिलंगी, गंडासू और चमतोली क्षेत्रों में जंगल धू-धू कर जल रहे हैं। यहां आग गंडासू और पुणकिला गांवों के समीप पहुंच गई है। इधर, बदरीनाथ वन प्रभाग के डीएफओ एनएन पांडे का कहना है कि आग बुझाने के प्रयास जारी हैं, लेकिन तापमान बढ़ने और अधिक मात्रा में पिरुल होने से जंगलों में आग विकराल रूप ले रही है। इस कारण आग पर काबू पाने में कठिनाई हो रही है।