श्रीनगर। कीर्तिनगर के समीप जयालगढ़ में पूर्व में भी सड़क हादसे हो चुके हैं, जिनमें कई लोगों की जान चली गई। बावजूद इसके यहां सुरक्षा के कोई इंतजाम नहीं किए गए।
वर्ष 2014 सितंबर में जयालगढ़ पुलिया पर एक बस दुर्घटनाग्रस्त हुई थी। बस पुल से नीचे गिर कर गदेरे में पलट गई थी। इस बस दुर्घटना में 16 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी। जबकि बस चालक फरार हो गया था, जिसे पुलिस आज तक गिरफ्तार नहीं कर पाई है। जनवरी वर्ष 2015 में इसी स्थान पर एक बाइक दुर्घटनाग्रस्त हुई थी, जिसमें एक युवक की मौत हो गई थी। उक्त स्थान पर अक्सर छोटी-छोटी वाहन दुर्घटनाएं होती रहती हैं। स्थानीयवासी गोवर्धन सिंह कहते हैं, कि जिस स्थान पर अक्सर दुर्घटनाएं होती हैं, वहां पर तीव्र मोड़ के साथ सड़क संकरी हो रही हैं। ऐसे में तेज रफ्तार में आ रहे वाहन यहां पर अनियंत्रित हो जाते हैं। एनएच खंड के अधिशासी अभियंता जितेंद्र त्रिपाठी ने कहा कि ऑल वेदर रोड के तहत यहां पर चौड़ा पुल स्वीकृत है। पुल के दोनों ओर चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए हैं।
>> होटल बुक होने की बात कह कर किया था बैरियर पास
श्रीनगर। कीर्तिनगर बैरियर पर पुलिस ने उक्त वाहन को रोका था, लेकिन कार में सवार लोगों ने मलेथा में होटल बुक होने की बात कही। जिस पर पुलिस ने कार को जाने दिया। टिहरी एसपी योगेंद्र रावत ने बताया कि रात को यात्री वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित है। किसी भी सूरत में रात को वाहनों की आवाजाही नहीं होने दी जाएगी।