श्रीनगर। शेफ एसोसिएशन ऑफ गढ़वाल के अध्यक्ष विकास कुड़ियाल व उपाध्यक्ष राहुल बाली ने गढ़वाल विवि के सेंटर फार माउंटेन टूरिज्म व हास्पिटैलिटी में पहुंचकर छात्रों से सीधा संवाद किया। इस दौरान शेफ ने कहा कि इंडियन किचन में उत्तराखंड के युवाओं को महारथ हासिल है। दोनों शेफ टिहरी महोत्सव में आयोजित फूड फेस्टिवल में निर्णायक के तौर पर प्रतिभाग करने आए थे।
सोमवार को चौरास परिसर स्थित सेंटर फार माउंटेन टूरिज्म व हास्पिटैलिटी में छात्रों से संवाद के दौरान विकास कुड़ियाल ने कहा कि 80 फीसदी युवा इस क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं, लेकिन स्थानीय व्यंजनों के प्रचार प्रसार में प्रभावी योगदान नहीं दे पा रहे हैं। कुड़ियाल ने कहा कि एसोसिएशन स्थानीय व्यंजनों के प्रचार प्रसार के लिए प्रयासरत है। उन्होंने विवि के छात्रों को भी इसमें अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाने को कहा। एसोसिएशन के उपाध्यक्ष बाली ने कहा कि स्थानीय व्यंजनों के प्रचार प्रसार के लिए रुड़की, कोटद्वार व ऋषिकेश में कार्यशाला आयोजित भी की जा चुकी है। अब मसूरी, देहरादून, हरिद्वार व नैनीताल में कार्यशाला आयोजित किए जाने की योजना है। बाली ने कहा कि उन्होंने दूरदर्शन के स्वाद का सफर कार्यक्रम के लिए क्षेत्रीय व्यंजनों पर आधारित एपिसोड भी तैयार किए गए हैं। इस दौरान परियोजना अधिकारी डा. सर्वेश उनियाल भी मौजूद थे।