फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

वीकेंड पर तीर्थनगरी फिर हुआ जाम

विज्ञापन
विज्ञापन
ब्यूरो/अमर उजाला,ऋषिकेश।
विज्ञापन

तीर्थनगरी में सैर-सपाटे को आने वाले लोगों के लिए जाम मुसीबत बनता जा रहा है। खासकर शनिवार और रविवार को वीकेंड पर ऋषिकेश व मुनिकीरेती में राजमार्ग से गुजरने वाले वाहन सवार ही नहीं, बल्कि पैदल लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। बावजूद इसके पुलिस जाम की समस्या का समाधान निकालने में गंभीर नजर नहीं आ रही है। रविवार को ऋषिकेश और मुनिकीरेती में दिन भर बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग अधिकांश समय जाम लगा रहा। वाहन राजमार्ग पर रेंग-रेंगकर गुजरते रहे। कुछ चौक-चौराहों पर पुलिसकर्मी यातायात व्यवस्था बनाते नजर भी आए, लेकिन इस दौरान पर्यटक वाहनों का तांता लगने से पुलिस के ट्रैफिक को लेकर किए गए तमाम इंतजाम दोपहर होने तक फेल हो गए।
चिलचिलाती धूप व उमस में लोग यातायात बाधित होने से वाहनों में कैद रहने को मजबूर दिखे। मुनिकीरेती से तपोवन तक जाम के कारण लोगों के लिए महज पांच-सात मिनट का सफर घंटों में तब्दील हो गया। ऋषिकेश में कोयलघाटी से चंद्रभागा पुल तक दिन भर जाम की स्थिति बनी रही। हालात ऐसे थे कि राजमार्ग पर पैदल गुजरने वाले लोगों को पैर रखने की जगह नहीं मिली।
विज्ञापन


सीपीयू और एचपीयू लापता
तीर्थनगरी में लगातार बढ़ रही यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए पुलिस विभाग ने ऋषिकेश में सिटी पेट्रोलिंग यूनिट (सीपीयू) की दो टीमें और मुनिकीरेती क्षेत्र में हिल पेट्रोलिंग यूनिट (एचपीयू) की तीन टीमें तैनात की हैं। इन टीमों का सीधा काम ही यातायात नियमों का पालन कराना है, लेकिन रविवार को दिनभर लगे जाम के दौरान ऋषिकेश और मुनिकीरेती क्षेत्र में तैनात टीमें कहीं नजर नहीं आई।

शिवानंद राम झूला पुल भी हुआ जाम
रविवार को सिर्फ तीर्थनगरी में राजमार्ग पर ही वाहनों का जाम नहीं था, बल्कि मुनिकीरेती में शिवानंद रामझूला पुल पर अत्यधिक संख्या में सैलानियों के उमड़ने से दोपहर के समय जाम की स्थिति बनी रही। झूला पुल पर दोपहर में एकाएक पर्यटकों और यात्रियों की भीड़ बढ़ने के चलते जाम लग गया। तीर्थनगर घूमने आए लोगों की भारी भीड़ झूलापुल पर जुटने से अव्यवस्था फैल गई। इस दौरान लोगों को कतारें लगाकर पुल से गुजरना पड़ा। मुनिकीरेती क्षेत्र में कुछ व्यापारियों को व्यवस्था बनाने के लिए अपनी दुकानें छोड़कर पुल पर ड्यूटी देनी पड़ी, मगर इस दौरान व्यवस्था बनाने के लिए जिम्मेदार मुनिकीरेती थाना व लक्ष्मणझूला पुलिस मौके से नदारद थी।
विज्ञापन


रायवाला में गड्ढे बढ़ा रहे सिरदर्द
रायवाला क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण की वजह से हाईवे पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं, जिसके चलते क्षेत्र में जाम लोगों के लिए आम बात हो गई है। खासकर मेन बाजार से लेकर नेपालीफार्म तक वीकेंड पर जाम लगता है। इसके साथ ही स्लो ट्रैफिक की समस्या भी बनी हुई है। इस बाबत स्थानीय पुलिस संबंधित कंपनी व प्रशासन को राजमार्ग की मरम्मत कराने के लिए कह चुकी है। बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें