कीर्तिनगर। धारी गांव के एक व्यक्ति ने श्रीनगर जल विद्युत परियोजना कंपनी पर फर्जी चेक देने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने इस संबंध में कोतवाली में तहरीर देते हुए धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज करने की मांग की है।
धारी निवासी सोनू ने कोतवाली में शिकायत करते हुए बताया कि कंपनी ने परियोजना प्रभावित होने के कारण वर्ष 2013 में 10 लाख रुपये का चेक दिया था, लेकिन चेक से भुगतान नहीं हो पाया है। कहा कि परियोजना समन्वयक से जब भुगतान की मांग की गई, तो वह हमेशा टालते रहे। इधर, कोतवाल चंदन सिंह चौहान ने बताया कि चेक संबंधी मामले न्यायालय में पंजीकृत होते हैं। अलबत्ता पीड़ित की ओर से प्रार्थना पत्र आने पर मामले की जांच की जाएगी। वहीं, परियोजना के जनसंपर्क अधिकारी वाईआर शर्मा ने बताया कि बीच में बजट के अभाव में कुछ भुगतान रुके थे। कुछ का भुगतान हो गया है। इसे देखा जाएगा।