देवाल/नारायणबगड़। थराली चुनाव प्रचार के अंतिम दिन सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने भाजपा प्रत्याशी के लिए वोट मांगे। विस क्षेत्र के देवाल और भगोती में जनसभाओं को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि विधानसभा में सवा साल में हुए विकास कार्यों को भाजपा प्रत्याशी मुन्नी देवी आगे बढ़ाएंगी।
शनिवार को विधानसभा के देवाल और भगोती पहुंचे सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने पार्टी प्रत्याशी मुन्नी देवी शाह के लिए समर्थन मांगा। इस दौरान सीएम ने कहा कि प्रदेश में जल्द 20 लाख परिवारों को 5 लाख के स्वास्थ्य बीमा योजना का लाभ दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार जीरो टॉलरेंस पर काम कर रही है, जिसके तहत अब तक सरकार ने प्रदेश में हुए 6 सौ करोड़ से अधिक का घोटाला पकड़ा है। यही नहीं अब तक 50 से अधिक घोटालेबाजों को जेल भेजा गया है। सीएम ने कहा कि प्रदेश में भ्रष्टाचार किसी भी रूप में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस कार्यकाल में पिंडर घाटी के आपदा पुनर्निर्माण के काम नहीं हो पाए हैं। सभा को संबोधित करते हुए प्रदेेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि सरकार द्वारा सवा साल में पिंडर घाटी के लिए 25 करोड़ स्वीकृत किए गए। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी मुन्नी देवी के पक्ष में वोट करने की अपील की।
इस अवसर पर राज्य मंत्री डा. धन सिंह रावत, विधायक बलवंत सिंह भौर्याल, विधायक गणेश जोशी, सत्यपाल शाह, दलबीर दानू, शेर सिंह गड़िया, बलबीर घुनियाल, आनंद सिंह रावत, दर्शन दानू, नरेंद्र बिष्ट, सुरेंद्र बिष्ट, जीवन मिश्रा, नंदा देवी,नंदी कुनियाल, मंजू परिहार, दीपा जोशी, पुष्कर बिष्ट, लक्ष्मण बिष्ट, केडी मिश्रा, गौरव जोशी, शीतल सिंह, मोहन सिंह, सुरेश कुमार, अज्रुन सिंह, भानू कुनियाल, सहित कई मौजूद रहे।