ब्यूरो/अमर उजाला, ऋषिकेश।
स्वच्छ भारत मिशन के तहत वन विभाग की ऋषिकेश रेंज और नरेंद्रनगर वन प्रभाग के वनकर्मियों ने गंगा दशहरा पर्व पर सघन स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान वनकर्मियों ने त्रिवेणीघाट पर गंगा किनारे साफ-सफाई की और डुबकी लगाने वाले श्रद्धालुओं को जागरूक भी किया। ऋषिकेश के वन क्षेत्राधिकारी आरपीएस नेगी की अगुवाई में वनकर्मियों ने त्रिवेणीघाट पर सवच्छता अभियान चलाया। अभियान में नरेंद्रनगर प्रभाग के भी कई वनकर्मी शामिल हुए । इस दौरान वनकर्मियों ने त्रिवेणीघाट पर अभियान चलाकर गंगा किनारे फैले कूड़े-कचरे को एकत्रित किया।
रेंजर नेगी ने बताया कि अपने आसपास के परिवेश और गंगा व अन्य नदियों को स्वच्छ रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने लोगों से स्वच्छता के लिए बढ़-चढ़कर आगे आने की अपील भी की। बताया कि एकत्रित कूड़े को नगर निगम के माध्यम से निस्तारित कराया गया। अभियान में करीब 30 वनकर्मी शामिल थे। मौके पर नरेंद्रनगर से रेंजर बुद्धि प्रकाश बहुगुणा, ऋषिकेश से डिप्टी रेंजर शैलेंद्र नेगी, वन दरोगा स्वयंबर दत्त कंडवाल, रामलाल, रामपाल के अलावा फॉरेस्ट गार्ड मंशाराम गौड़, राजेश डोभाल, कुंवर सिंह आदि शामिल थे।