ब्यूरो/अमर उजाला
मुनिकीरेती।
परमार्थ निकेतन आश्रम पहुंचे राष्ट्रीय अल्पसंख्यक आयोग के पूर्व अध्यक्ष सरदार त्रिलोचन सिंह ने आश्रमाध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती मुनि से भेंट की। इस दौरान उन्होंने आश्रम की सांध्यकालीन गंगा आरती में शिरकत की।
आरती के बाद स्वामी चिदानंद मुनि ने सरदार त्रिलोचन सिंह को रुद्राक्ष का पौधा भेंट किया। इस अवसर पर उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से स्वच्छता, पर्यावरण संरक्षण व विश्व शांति में सहभागिता का संकल्प कराया।
स्वामी चिदानंद मुनि ने कहा कि संपूर्ण राष्ट्र एक परिवार है और इस परिवार में शांति व स्वच्छता का वातावरण स्थापित करने के लिए सभी के हृदय में परिवर्तन की आवश्यक है। हम सभी को स्वच्छ व शांत राष्ट्र निर्माण के लिए प्रयास करना होगा।
सरदार त्रिलोचन सिंह ने कहा कि परमार्थ गंगा आरती में विविधता में एकता का समन्वय देखने को मिलता है। उन्होंने कहा कि हमें एक ऐसे राष्ट्र का निर्माण करना होगा, जहां पर चारों ओर शांति व स्वच्छता का वातावरण हो, इसके लिए हम सभी को मिलकर कार्य करने की जरूरत है।