श्रमिक संगठनों ने किया धरना-प्रदर्शन
ब्यूरो/अमर उजाला
डोईवाला।
चीनी मिल के कर्मचारियों को कई महीनों से वेतन न मिलने और श्रमिकों के देयों का भुगतान नहीं होने से क्षुब्ध श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने अधिशासी निदेशक कार्यालय के बाहर धरना-प्रदर्शन किया।
बुधवार को चीनी मिल मजदूर संघ डोईवाला के महासचिव गोपाल शर्मा के नेतृत्व में श्रमिक प्रतिनिधि शुगर मिल के अधिशासी निदेशक कार्यालय के बाहर एकत्रित हुए और वेतन नहीं मिलने को लेकर नारेबाजी शुरू कर दी। प्रदर्शनकारियों ने चीनी मिल की व्यवस्था बिगड़ाने का आरोप लगाते हुए नोडल अधिकारी के खिलाफ नारेबाजी की। गोपाल शर्मा ने कहा कि नोडल अधिकारी चीनी मिल की उपेक्षा कर रहे है। अधिकारियों की गलत नीतियों से श्रमिक उपेक्षित हो रहे है।
युवा कांग्रेस नगर अध्यक्ष गौरव मल्होत्रा ने कहा कि राज्य सरकार चीनी मिल का निजीकरण करने की जुगत में है। मुख्यमंत्री के निर्वाचन क्षेत्र की चीनी मिल को आर्थिक सहायता नहीं मिल रही है।
प्रदर्शनकारियों ने बाद में मिल के अधिशासी निदेशक को वेतन मुहैया कराने समेत अन्य मांगों को जल्द पूरा कराने का अनुरोध किया। प्रदर्शन करने वालों में वरिष्ठ कांग्रेस नेता मोहित शर्मा, विजय बख्शी, विजय शर्मा, कृष्णपाल, राकेश कोठारी, कमल बहादुर, मदन मोहन बिल्जवाण, सुभाष पाल, अवधेश कुमार, प्रताप रावत आदि मौजूद रहे।