जोशीमठ। बदरीनाथ हाईवे पर बलदौड़ा पुल के समीप तीर्थयात्रियों का वाहन अचानक हाईवे पर पलट गया, जिसमें चालक समेत पांच लोग चोटिल हो गए। सभी का सीएचसी में प्राथमिक उपचार कराया गया। बताया गया कि वाहन का टायर सड़क से बाहर निकल गया था। चालक ने बड़ी दुर्घटना को टालने के लिए तुरंत वाहन को हिल साइड की ओर मोड़ दिया, जिससे वाहन हाईवे पर पलट गया।
मंगलवार को बदरीनाथ धाम के दर्शन कर तीर्थयात्री अमर सिंह पाल, श्वेता पाल, जोगेंद्र सिंह और हिमांशु (सभी निवासी डोईवाला, देहरादून) बोलेरो से देहरादून लौट रहे थे। सुबह साढ़े ग्यारह बजे अचानक बलदौड़ा पुल के समीप बोलेरो अनियंत्रित होकर सड़क पर ही पलट गई। हादसे में चालक मालचंद्र, निवासी पौड़ी के साथ ही सभी तीर्थयात्री चोटिल हो गए। हाईवे से गुजर रहे अन्य यात्रियों ने घायलों को वाहन से निकाला। सूचना मिलने पर गोविंदघाट थानाध्यक्ष हेमदत्त भारद्वाज पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जोशीमठ लाया गया। उपचार के बाद सभी तीर्थयात्रियों को देहरादून भेज दिया गया। ब्यूरो