जोशीमठ। हेमकुंड साहिब यात्रा की तैयारियां अब अंतिम चरण में हैं। मंगलवार को डीएम आशीष जोशी और एसपी तृप्ति भट्ट हेलीकाप्टर से हेमकुंड साहिब पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने आस्था पथ पर अटलाकुड़ी से हेमकुंड तक फैली बर्फ का हवाई निरीक्षण किया और यात्रा के मुख्य पड़ाव घांघरिया में अधिकारियों की बैठक ली। जिलाधिकारी ने कहा कि प्रवेश द्वार गोविंदघाट से दोपहर दो बजे बाद तीर्थयात्रियों को हेमकुंड साहिब जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी। बता दें कि हेमकुंड के कपाट 25 मई को आम लोगों के लिए खोल दिए जाएंगे।
बैठक में जिलाधिकारी ने पेयजल और ऊर्जा निगम के अधिकारियों को 24 मई तक हेमकुंड तक बिजली-पानी की सप्लाई सुचारु करने और एसडीएम जोशीमठ योगेंद्र सिंह को यात्रा मार्ग पर स्वास्थ्य सुविधाएं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। घांघरिया में गढ़वाल मंडल विकास निगम और वन विभाग के विश्राम गृहों की साफ-सफाई और हेमकुंड के पैदल ट्रैक पर जगह-जगह स्वच्छता के संबंध में साइन बोर्ड स्थापित करने के निर्देश भी दिए गए। गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के वरिष्ठ प्रबंधक सरदार सेवा सिंह ने बताया कि घांघरिया के गुरुद्वारे में चार से साढ़े चार हजार तीर्थयात्रियों के ठहरने की व्यवस्था की गई है। जिला पंचायत और ईडीसी (ईको विकास समिति) को आपसी समन्वय बनाकर यात्रा के पैदल मार्ग पर सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए।
घांघरिया और भ्यूंडार में खुली पुलिस चौकी
हेमकुंड साहिब यात्रा के मुख्य पड़ाव घांघरिया और भ्यूंडार में पुलिस चौकी खुल गई है। साथ ही, गोविंदघाट से हेमकुंड साहिब तक 19 किलोमीटर के पैदल ट्रैक पर एसडीआरएफ की दो टीमें तैनात की गई हैं। पुलिस अधीक्षक तृप्ति भट्ट ने पुलिस अधिकारियों को हेमकुंड यात्रा मार्ग पर नेपाली मजदूर, घोड़ा-खच्चर, डंडी-कंडी संचालकों के साथ ही बाहरी व्यक्तियों का अनिवार्य रूप से सत्यापन करने के निर्देश दिए।