श्रीनगर। गढ़वाल विवि का दीक्षांत समारोह एक दिसंबर को प्रस्तावित किया गया है। दीक्षांत समारोह के लिए विभिन्न कमेटियों का गठन किया गया, जिन्हें आयोजन से संबंधित जिम्मेदारियां दी गई।
सोमवार को गढ़वाल विवि के कुलपति (कार्यवाहक) प्रो. एससी बागड़ी ने कुलपति सचिवालय सभागार में विवि के अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में दीक्षांत समारोह आयोजन के संबंध में चर्चा की गई। कुलपति प्रो. एसएसी बागड़ी ने बताया कि दीक्षांत समारोह एक दिसंबर को प्रस्तावित किया गया है, जिसमें मानद उपाधि दिए जाने के लिए नाम प्रस्तावित किए जाएंगे। इन्हें कार्य परिषद की बैठक में रखा जाएगा। बैठक में मुख्य अतिथि सहित अन्य विशिष्ट अतिथियों के निमंत्रण पर भी चर्चा की गई। प्रो. बागड़ी ने बताया कि दीक्षांत समारोह के आयोजन के लिए चौरास परिसर स्थित ऑडिटोरियम की मरम्मत भी की जाएगी। वर्ष 2009 में गढ़वाल विवि के केंद्रीय विवि बन जाने के बाद अभी तक दीक्षांत समारोह आयोजित नहीं हुआ है। छात्र लंबे समय से दीक्षांत समारोह आयोजित कराए जाने की मांग कर रहे हैं। वर्ष 2005 में दीक्षांत समारोह आयोजित किया गया था, जिसमें तत्कालीन राष्ट्रपति डा. एपीजे कलाम ने मुख्य अतिथि के तौर पर शिरकत की थी।