श्रीनगर। समाज कल्याण विभाग व भारतीय कृत्रिम अंग निर्माण निगम के सहयोग से वरिष्ठ नागरिकों व दिव्यांगों के लिए शिविर आयोजित किया गया, जिसमें करीब 60 लोगों ने पंजीकरण करवाया।
सोमवार को पालिका परिसर में राष्ट्रीय वयोश्री एवं एडिप योजना के तहत बीपीएल श्रेणी के वरिष्ठ नागरिकों व दिव्यांगों के लिए शिविर आयोजित किया गया। इस मौके पर 40 फीसदी से अधिक दिव्यांगों को आवश्यकतानुसार सहायक उपकरण उपलब्ध करवाए जाने के लिए लाभार्थियों का चयन किया गया। मौके पर वयोश्री योजना के तहत 54 व एडिप के तहत 6 लोगों का उपकरणों के लिए चयन किया गया। शिविर के टीम लीडर राहुल देव शर्मा ने बताया कि जरूरत मंदों को एक या दो माह में उपकरण उपलब्ध करवा दिए जाएंगे। इस मौके पर जिला समाज कल्याण अधिकारी रतन सिंह रावल, ने बताया कि जनवरी में जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में आयोजित शिविरों में करीब एक हजार से अधिक लोग पंजीकरण करवा चुके है। शिविर में सहायक समाज कल्याण अधिकारी विनोद कुमार उनियाल, अनिल कुमार सेमवाल, जिला अस्पताल के डा. एपी मिश्रा, डा. एके शर्मा, डा. सुव्रत कुमार लंका, डा. श्रीकांत पांडे, डा. नीलम भट्ट व डा. करन आदि मौजूद थे।