श्रीनगर। गायत्री परिवार शांतिकुंज की ओर से आयोजित भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा वर्ष 2017-18 में तहसील स्तर पर स्थान पाने वाले छात्र-छात्राओं को स्मृति चिहृृ व मेडल से सम्मानित किया गया। इस मौके पर वक्ताओं ने छात्रों को जीवन में आगे बढ़ने के टिप्स भी दिए।
रविवार को सरस्वती शिशु मंदिर श्रीनगर के सभागार में भारतीय संस्कृति ज्ञान परीक्षा में स्थान पाने वाले तहसील क्षेत्र के छात्र-छात्राओं के लिए सम्मान समारोह आयोजित किया गया। समारोह की शुरूआत छात्र-छात्राओं की रंगारंग प्रस्तुतियों से हुई। इस मौके पर प्रीति, हिमांशु, रुचिता, अंशुल, शिवांशु, पवनेश, विवेक, प्रियांशु, जतिन, अंशिका, दिव्या, रिषु आदि को मेडल, स्मृति चिन्ह, प्रमाणपत्र व नकद धनराशि से सम्मानित किया गया। समारोह के मुख्य अतिथि केंद्रीय अध्यक्ष उत्तराखंड फिल्म टेलीविजन एंड रेडियो एसोसिएट के चंद्रवीर गायत्री ने कार्यक्रम की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रमों से छात्रों के आत्मविश्वास में वृद्धि होती है। कार्यक्रम में नीरज कुमार शर्मा, प्रो. रामनंद गैरोला, सह संयोजक तहसील प्रमुख अखिलेश चंद्र चमोला, कार्यक्रम की संयोजिका प्रेमलता कालड़ा, उमा घिल्डियाल, वासुदेव कालड़ा, आरती पुंडीर, कविता शर्मा ने भी छात्रों को जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा व टिप्स दिए।