ब्यूरो/अमर उजाला,ऋषिकेश।
उत्तराखंड की चारधाम यात्रा ने जोर पकड़ लिया है। हर रोज हजारों श्रद्धालु देव दर्शन का पुण्य लाभ अर्जित करने तीर्थनगरी से चारों धामों के लिए प्रस्थान कर रहे हैं। प्रतिदिन देश दुनिया से हजारों तीर्थयात्री तीर्थनगरी पहुंचकर यहां अनिवार्य फोटोमीट्रिक पंजीकरण कराने के बाद विभिन्न धामों की यात्रा के लिए रवाना हो रहे हैं। संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति से रवाना हुए वाहनों और यहां त्रिलोक सिक्योरिटी सिस्टम कंपनी के पंजीकरण के आंकड़ों पर गौर करें तो यात्रा में बीते एक सप्ताह से श्रद्धालुओं की आमद में अप्रत्याशित बढ़ोतरी आंकी गई है। संयुक्त रोटेशन के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी बृजभानु प्रकाश गिरि ने बताया कि आने वाले दिनों में यात्रा में श्रद्धालुओं की आमद और अधिक बढ़ने की उम्मीद है। बताया कि रोटेशन को प्रतिदिन 15 से 20 अतिरिक्त बसों की डिमांड मिल रही है।
तारीख बसें यात्री संख्या
11 मई-101 -3,172
12 मई-115-3,561
13 मई-103-3,348
14 मई-141-4,598
15 मई-116-3,603
16 मई-187-6,299
17 मई-164-5,329
18 मई-186-6,247
स्रोत:संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति, ऋषिकेश।
तारीख ---पंजीकृत यात्री संख्या
11 मई-9,295
12 मई-9,378
13 मई- 10,260
14 मई- 10,814
15 मई-11,638
16 मई-13,256
17 मई-13,469
18 मई-13,768
स्रोत-त्रिलोक सिक्योरिटी सिस्टम कंपनी, ऋषिकेश।
186 बसों से 6247 तीर्थयात्री धामों को रवाना
ऋषिकेश। शुक्रवार को संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति की ओर से 186 बसों से 6247 तीर्थयात्रियों को विभिन्न धामों की यात्रा पर रवाना किया गया। रोटेशन की ओर से अब तक 2367 वाहनों से 74,515 श्रद्धालु देव दर्शन को आस्थापथ पर प्रस्थान कर चुके हैं। संयुक्त रोटेशन यात्रा व्यवस्था समिति के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी बृजभानु प्रकाश गिरि ने बताया कि शुक्रवार को 26 वाहन एक धाम, 42 वाहन दो धाम, एक वाहन तीन धाम और 117 वाहनों को चारोंधामों के लिए रवाना किया गया। बताया कि इस दौरान कुल 186 बसों से 6247 श्रद्धालुओं ने धामों की यात्रा के लिए प्रस्थान किया।
13,768 यात्रियों ने कराया अनिवार्य पंजीकरण
ऋषिकेश। शुक्रवार को तीर्थनगरी समेत विभिन्न केंद्रों पर 13,768 तीर्थयात्रियों ने चारधाम यात्रा के लिए अनिवार्य फोटोमीट्रिक रजिस्ट्रेशन कराया। त्रिलोक सिक्योरिटी सिस्टम कंपनी के प्रबंधक प्रेम अनंत ने बताया कि शुक्रवार को ऋषिकेश में 7216 यात्रियों, हरिद्वार स्थित राही मोटल होटल में 243, हरिद्वार रेलवे में 398, दोबाटा, बड़कोट में1213, हीना, उत्तरकाशी में 1559, फाटा में 137, सोनप्रयाग में 949 और पांडुकेश्वर में 251 तीर्थयात्रियों ने अनिवार्य फोटोमीट्रिक पंजीकरण कराने के बाद आगे की यात्रा के लिए प्रस्थान किया। उन्होंने बताया कि इस साल की यात्रा के लिए अब तक कुल 2,19,863 तीर्थयात्री फोटोमीट्रिक रजिस्ट्रेशन करा चुके हैं। शुक्रवार को 66 लोगों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया, जबकि अब तक ऑनलाइन पंजीकरण कराने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या 7375 हो चुकी है।