ब्यूरो/अमर उजाला,ऋषिकेश।
पुरुषोत्तम मास के उपलक्ष्य में श्री गोपाल मंदिर में आयोजित अखंड हरिनाम संकीर्तन शुक्रवार को तीसरे दिन भी जारी रहा। मंदिर के मुख्य पुजारी बद्री नारायण मिश्र ने बताया कि बीते बुधवार को पुरुषोत्तम मास के प्रारंभ से शुरू हुआ अखंड हरिनाम संकीर्तन अगले माह 13 जून तक दिन और रात अनवरत जारी रहेगा। मुखर्जी मार्ग स्थित श्री गोपाल मंदिर में शुक्रवार को काफी संख्या में आसपास के लोगों ने पहुंचकर भजन-कीर्तन के माध्यम से भगवान विष्णु का गुणगान किया और पूजा अर्चना की।
पुजारी बद्री नारायण ने बताया कि बीते बुधवार को सुबह पंचांग पूजन, कलश पूजन व जप यज्ञ के साथ अखंड ज्योति प्रज्ज्वलित कर माहभर तक चलने वाला अनुष्ठान प्रारंभ किया गया। बताया कि इसके बाद से भगवान विष्णु की आराधना का क्रम अगले माह तक दिन-रात अनवरत जारी रहेगा। अनुष्ठान के समापन के बाद 14 जून को ब्रह्मभोज का आयोजन कर श्रद्धालुओं को प्रसाद वितरित किया जाएगा।