ब्यूरो/अमर उजाला,मुनिकीरेती ।
शुक्रवार को उत्तराखंड के मुख्य आयकर आयुक्त पीके गुप्ता सपरिवार परमार्थ निकेतन पहुंचे। इस दौरान उन्होंने आश्रमाध्यक्ष स्वामी चिदानंद सरस्वती मुनि से भेंट कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान स्वामी चिदानंद मुनि ने उनसे गंगा स्वच्छता व पर्यावरण संरक्षण आदि विषयों पर चर्चा की। कहा कि देश इस समय नए दौर से गुजर रहा है। उन्होंने विकास और निर्माण की दौड़ में प्रकृति और पर्यावरण का बेहिसाब दोहन पर चिंता व्यक्त की। कहा कि भौतिकवाद की अंधी दौड़ में भौतिक सुखों के लिए प्रकृति के प्रति जवाबदेही सुनिश्चित करने को ठोस निर्णय लेने की जरूरत है।
मुनि ने कहा कि प्रकृति से दूर और भौतिक परिवेश की ओर बढ़ती पीढ़ी के कारण जलवायु परिवर्तन, प्राकृतिक संसाधनों का दोहन, जल की बर्बादी आदि समस्याएं बढ़ी हैं, लिहाजा भावी पीढ़ी को प्रकृति प्रेम, प्रकृति संरक्षण और प्रकृति से अटूट संबंध बनाने के लिए प्रोत्साहित करने की जरूरत है। मुख्य आयकर आयुक्त पीके गुप्ता ने प्राकृतिक सौंदर्य को सुरक्षित रखने के लिए हरित, सुरक्षित एवं स्वस्थ पर्यावरण के विकास के लिए कठोर कानून बनाने की वकालत की। कहा कि कानून के भय से ही प्रकृति की रक्षा की जा सकती है।